Top 5 This Week

Related Posts

रुद्रपुर में सपा का शक्ति प्रदर्शन, अब्दुल मतीन बोले—अकेले भी लड़ेंगे चुनाव!

2027 की तैयारी में जुटी समाजवादी पार्टी, कांग्रेस से गठबंधन पर बातचीत के संकेत; नई प्रदेश कार्यकारिणी में सक्रिय चेहरों को मिलेगा मौका

हल्द्वानी/रुद्रपुर। समाजवादी पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के सामने 2027 की चुनावी चुनौती है और रुद्रपुर में उनके पहले ही दौरे पर पार्टी ने ताकत का एहसास कराने की कोशिश की। सैकड़ों वाहनों का काफिला, ढोल-नगाड़े और कार्यकर्ताओं की भीड़ के बीच हुए स्वागत के बाद सिद्दीकी ने साफ संकेत दिया कि पार्टी उत्तराखंड में अब संगठन को जमीन से मजबूत करने के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार रुद्रपुर पहुंचे अब्दुल मतीन सिद्दीकी का समाजवादी पार्टी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष ओसियन सिंह यादव के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के बीच उनका अभिनंदन किया। इसके बाद रुद्रपुर सिटी क्लब में मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव और उनके समर्थकों ने स्वागत किया।

कांग्रेस से गठबंधन पर सपा का बड़ा संकेत

सिटी क्लब में प्रेसवार्ता के दौरान अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस से गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत की जाएगी। सम्मानजनक सीटें मिलने पर गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा जाएगा, लेकिन बात नहीं बनी तो सपा अपने दम पर मैदान में उतरने से पीछे नहीं हटेगी।

नई कार्यकारिणी में सक्रिय चेहरों की तलाश

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही उत्तराखंड में नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। संगठन में जिम्मेदारी उन्हीं कार्यकर्ताओं को दी जाएगी जो पार्टी के लिए निष्ठा और सक्रियता से काम कर रहे हैं। उनका लक्ष्य पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा। सपा को उत्तराखंड में सक्रिय और मजबूत संगठन के रूप में खड़ा करने की दिशा में काम तेज किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव, छात्र सभा प्रदेश अध्यक्ष ओसियन सिंह यादव, अरविंद कुमार दिवाकर, अमित कुमार, राम सिंह सागर, जावेद सिद्दीकी, मजहर रिजवी, गुलाब सिंह, नदीम अख्तर, हनीफ गांधी, दानिश चौधरी, मनमोहन यादव, शरीफ अंसारी, अरशद अय्यूब, एडवोकेट मनमोहन यादव, शेर सिंह, जितेंद्र यादव, विक्रम यादव, सनी गुप्ता, प्रवीण पाल, जावेद मिकरानी, शकील अंसारी, अजय चौधरी, अंकुर चौधरी और सूरज गुप्ता समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। रुद्रपुर के कई अधिवक्ताओं ने भी प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।

Popular Articles