52 लोग हिरासत में, नेपाल, पश्चिम बंगाल व यूपी की 10 युवतियां रेस्क्यू; मैनेजर फरार, पुलिस जांच में जुटी
हल्द्वानी/रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र स्थित एक नामी रिसॉर्ट में शनिवार देर रात पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित सेक्स रैकेट और सीक्रेट रेव पार्टी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 52 लोगों को हिरासत में लिया, जबकि नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को रेस्क्यू किया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवतियों को देह व्यापार के उद्देश्य से पार्टी में बुलाया गया था। हालांकि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामनगर कोतवाली क्षेत्र के सांवल्दे स्थित एक रिसॉर्ट में बाहरी राज्यों से आए लोगों की सीक्रेट पार्टी चल रही है। सूचना के बाद रामनगर कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में टीम ने रिसॉर्ट पर निगरानी रखी। पर्याप्त इनपुट मिलने पर एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी और पुलिस लाइन की संयुक्त टीम ने देर रात रिसॉर्ट को चारों ओर से घेरकर छापा मार दिया।
अचानक हुई कार्रवाई से रिसॉर्ट में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के मुताबिक अधिकांश लोग दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से आए हुए थे। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब, लाखों रुपये की संदिग्ध नकदी, आपत्तिजनक सामग्री तथा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट का मैनेजर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही रिसॉर्ट के अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि बरामद दस्तावेजों, रिसॉर्ट के रजिस्ट्रेशन, वित्तीय लेनदेन और पूरे नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है। मामले में जांच पूरी होने के बाद विस्तृत खुलासा किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।





