हल्द्वानी। रानीखेत एक्सप्रेस के जनरल कोच में बीएसएफ जवान के संदिग्ध हालत में मिलने और बाद में उपचार के दौरान मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने जवान की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। मामले में जीआरपी पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सत्यपाल सिंह, निवासी रुड़की, के रूप में हुई है, जो बीएसएफ की 20वीं बटालियन में तैनात था और वर्तमान में जेसलमेर में ड्यूटी कर रहे था। वह 28 जून को छुट्टी लेकर रानीखेत एक्सप्रेस के जनरल कोच से घर लौट रहे था। मृतक के पुत्र अंकित कुमार के अनुसार, उनके पिता ने यात्रा के दौरान फोन कर बताया था कि वह जोधपुर पहुंच चुके हैं और दिल्ली पहुंचने के बाद दोबारा संपर्क करेंगे।
परिजनों के मुताबिक 29 जून की सुबह जब उन्होंने कई बार फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसी बीच उनके वार्ड पार्षद ने काठगोदाम रेलवे स्टेशन से भेजी गई फोटो दिखाकर सूचना दी कि सत्यपाल सिंह रानीखेत एक्सप्रेस के जनरल कोच में बेहोशी की हालत में मिले हैं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया।
सूचना मिलते ही परिजन रुड़की से हल्द्वानी पहुंचे, लेकिन देर शाम डॉक्टरों ने सत्यपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुत्र अंकित कुमार का कहना है कि उनके पिता को जेसलमेर से दिल्ली तक पहुंचना था, लेकिन उनका काठगोदाम पहुंचना और गंभीर हालत में मिलना कई सवाल खड़े करता है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि यात्रा के दौरान सत्यपाल सिंह के साथ कोई अप्रिय घटना हुई है और उनकी हत्या की गई हो सकती है। इस संबंध में जीआरपी थाना काठगोदाम में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।





