यूक्रेन और रूस के बीच दो साल से अधिक समय से जंग जारी है। दोनों ही पक्ष हार मानने को तैयार नहीं हैं। इस बीच यूक्रेन में सियासी उठा-पटक काफी देखने को मिल रही है। वलेरी जालुज्नी को करीब एक महीने पहले ही देश के शीर्ष सैन्य कमांडर के पद से हटाया था। अब उन्हें नई जिम्मेदारी दी गई है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने उन्हें ब्रिटेन के नए राजदूत के रूप में नामित किया है। जालुज्नी को देश की मीडिया आयरन जनरल कहती है। रूस के साथ युद्ध की शुरुआत हुई, तभी कुछ समय बाद यूक्रेन की सेना की कमान वलेरी जालुज्नी को सौंप दी गई थी। उन्होंने शुरुआती दौर में एक आक्रमण बल को सफलतापूर्वक खदेड़ दिया था। हालांकि, पिछली गर्मियों में जेलेंस्की के साथ एक सार्वजनिक असहमति ने उनके पद को नुकसान पहुंचाया। जेलेंस्की नेहाल ही में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा था कि सेना का नेतृत्व बदलने का समय आ गया है। इसके बाद ऑलेक्जेडर सिरस्की को सेना का प्रमुख बना दिया था।