Top 5 This Week

Related Posts

मुख्यमंत्री आवास पर प्रवासी उत्तराखंडियों का सम्मान, लोकगीतों और नंदा राजजात की प्रस्तुति ने मोहा मन

देहरादून। तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के समापन के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रवासी उत्तराखंडियों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया और प्रदेश के विकास में उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी केवल प्रदेश से बाहर रहकर विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले लोग नहीं हैं, बल्कि वे उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और पहचान के सशक्त प्रतिनिधि भी हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासियों की प्रतिभा, अनुभव, विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार से प्रदेश के विकास को नई दिशा मिल सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ इस तरह का मिलन राज्य और प्रवासी समाज के बीच भावनात्मक संबंधों को मजबूत करता है। उन्होंने नई पीढ़ी को अपनी मातृभूमि की भाषा, बोली, लोकगीतों और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने पर भी जोर दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया। मां नंदा देवी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता और नंदा राजजात पर आधारित विशेष प्रस्तुति ने अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा राजजात जैसी परंपराएं केवल आस्था का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि सामाजिक एकता, सामूहिकता और सांस्कृतिक गौरव की पहचान भी हैं। राज्य सरकार लोकसंस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है।

पैतृक गांवों के विकास में योगदान देने की अपील

धामी ने प्रवासी उत्तराखंडियों से अपने पैतृक गांवों से जुड़े रहने और उनके विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपने गांवों को गोद लेकर विकास कार्यों में सहयोग करने वाले प्रवासियों की पहल सराहनीय है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार, रोजगार के अवसर और रिवर्स पलायन को बढ़ावा मिल सकता है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Popular Articles