नई दिल्ली। दुनिया भर में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में पिछले सप्ताह आई बड़ी तकनीकी बाधा के पीछे जुलाई में किया गया एक सॉफ्टवेयर अपडेट जिम्मेदार था। इस गड़बड़ी के कारण कंपनी के नेटवर्किंग गेटवे से जुड़े 80 प्रतिशत से अधिक सर्वर काम करना बंद कर गए थे। इसके चलते आउटलुक समेत माइक्रोसॉफ्ट 365 की कई सेवाएं करीब 18 घंटे तक प्रभावित रहीं। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी चार्ल्स लमाना ने सोमवार को आउटेज के कारणों का खुलासा किया।
माइक्रोसॉफ्ट के कोपायलट, एजेंट्स एंड प्लेटफॉर्म विभाग के कार्यकारी उपाध्यक्ष चार्ल्स लमाना के अनुसार, इस तकनीकी संकट के पीछे तीन प्रमुख कारण थे। पहला कारण जुलाई में किए गए सॉफ्टवेयर बदलाव में छिपा बग था। सामान्य परिस्थितियों में यह खामी सामने नहीं आई, लेकिन सर्वर पर अधिक ट्रैफिक का दबाव पड़ने पर सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया।
कंपनी के परीक्षण के दौरान भी इस गड़बड़ी का पता नहीं चल पाया था। इसकी वजह यह थी कि परीक्षण कमजोर हार्डवेयर पर किए गए थे, जबकि अधिक क्षमता वाले नए सर्वरों पर इस बग का असर ज्यादा गंभीर था।
तीन कारणों से बिगड़े हालात
दूसरा कारण आउटेज से करीब 15 घंटे पहले माइक्रोसॉफ्ट टीम्स को वैकल्पिक नेटवर्किंग गेटवे से मुख्य गेटवे पर स्थानांतरित करना था। यही गेटवे एक्सचेंज ऑनलाइन की ईमेल सेवाओं को भी संचालित करता है। इससे सर्वर पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया।
तीसरा कारण एक दिन पहले आई अलग तकनीकी समस्या थी, जिसके चलते गेटवे की करीब 14 प्रतिशत सर्वर क्षमता पहले से ही प्रभावित थी। बढ़ते ट्रैफिक, कम होती सर्वर क्षमता और पुराने सॉफ्टवेयर बग ने मिलकर बड़े संकट को जन्म दिया। अमेरिका में ट्रैफिक के सबसे व्यस्त समय में 80 प्रतिशत से अधिक सर्वर जवाब दे गए।
रिकवरी में भी आई परेशानी
कंपनी ने टीम्स, वनड्राइव, शेयरप्वाइंट और ऑफिस एप्स जैसी सेवाओं को दूसरे गेटवे पर स्थानांतरित कर बहाल किया। हालांकि, एक्सचेंज ऑनलाइन को सामान्य करने में अधिक समय लगा। सर्वर दोबारा शुरू होते ही लंबित ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता था, जिससे वे फिर ठप हो रहे थे।
इस आउटेज से एयरलाइंस, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, अस्पतालों, अदालतों और सरकारी व निजी संस्थानों का कामकाज प्रभावित हुआ। डाउनडिटेक्टर के अनुसार, करीब 43 करोड़ यूजर्स प्रभावित हुए, जबकि 1.3 लाख लोगों ने आउटलुक में समस्या की शिकायत दर्ज कराई थी।
कंपनी ने तकनीकी खामी को दूर करने के लिए नया अपडेट तैयार किया और सर्वरों को चरणबद्ध तरीके से बहाल किया।





