Top 5 This Week

Related Posts

मक्का समझौते में ईरान को शामिल होने का न्योता, प्रस्ताव पर तेहरान कर रहा विचार

तेहरान। सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के बीच हुए मक्का संयुक्त रक्षा समझौते में ईरान को भी शामिल होने का न्योता दिए जाने की खबर सामने आई है। ईरानी संसद की समाचार एजेंसी के प्रमुख मेहदी रहीमी के हवाले से बताया गया है कि तेहरान को समझौते में शामिल होने का आधिकारिक प्रस्ताव मिला है और ईरान इस पर विचार कर रहा है। हालांकि, ईरान के विदेश मंत्रालय या समझौते के मौजूदा सदस्य देशों की ओर से इस निमंत्रण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। 

सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान ने 7 अगस्त को मक्का में संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। समझौते के तहत किसी एक सदस्य देश पर सशस्त्र हमला होने की स्थिति को तीनों देशों पर हमला माना जाएगा। इसे क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

ईरान को इस गठबंधन में शामिल होने का प्रस्ताव ऐसे समय दिया गया है, जब पश्चिम एशिया में सुरक्षा और सैन्य तनाव लगातार चर्चा में है। तेहरान और रियाद के बीच लंबे समय से क्षेत्रीय प्रभाव को लेकर मतभेद रहे हैं। ऐसे में ईरान का इस रक्षा ढांचे का हिस्सा बनना क्षेत्रीय समीकरणों में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकता है।

ईरानी संसद की समाचार एजेंसी के प्रमुख रहीमी ने कहा कि क्षेत्र के देश अब साझा क्षेत्रीय सुरक्षा व्यवस्था की ओर बढ़ रहे हैं। उनके मुताबिक, ईरान लंबे समय से क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए ऐसी व्यवस्था की वकालत करता रहा है।

इस बीच पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर के सोमवार को ईरान दौरे की भी योजना है। ईरानी विदेश मंत्रालय के अनुसार, यात्रा के दौरान क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा, हालिया घटनाक्रम तथा पाकिस्तान-तुर्किये-सऊदी अरब के नए रक्षा समझौते समेत कई मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

यदि ईरान इस प्रस्ताव को स्वीकार करता है तो मक्का समझौते का दायरा और प्रभाव दोनों बढ़ सकते हैं। हालांकि, तेहरान का अंतिम फैसला क्षेत्रीय कूटनीति और पश्चिम एशिया की बदलती सुरक्षा परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।

Popular Articles