Top 5 This Week

Related Posts

भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन आज, लोकभवन कूच में जुटेंगे गणेश गोदियाल और हरक सिंह रावत

देहरादून। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस ने धामी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी गुरुवार (26 नवंबर) को राजधानी देहरादून में लोकभवन कूच करेगी। इस पैदल मार्च में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।

कांग्रेस भवन से शुरू होने वाला यह मार्च लोकभवन तक जाएगा। यहां पार्टी प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल को प्रदेशभर से जुटाए गए हस्ताक्षरयुक्त बैनर और पोस्टरों का पुलिंदा सौंपेगा। कांग्रेस का उद्देश्य भ्रष्टाचार के विभिन्न आरोपों पर राज्य सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग उठाना है।

प्रदेशभर में चलाया हस्ताक्षर अभियान

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के मुताबिक, पार्टी ने 10 से 23 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला, ब्लॉक और महानगर मुख्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस अभियान के तहत आम लोगों से हस्ताक्षर कराकर सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी दर्ज कराने की अपील की गई थी। प्रदेशभर से एकत्र किए गए हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज अब प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंच चुके हैं।

संविधान की मूल भावना के अपमान का भी उठेगा मुद्दा

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लोकभवन कूच के दौरान राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोपों के साथ ही संविधान की मूल भावना के अपमान का मुद्दा भी उठाया जाएगा। पार्टी राज्यपाल के माध्यम से सरकार तक जनता की शिकायतें पहुंचाना चाहती है।

इस अभियान में अंकिता भंडारी हत्याकांड, जमीनों के हस्तांतरण, रोजगार और कथित भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया है।

वरिष्ठ नेताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी

पार्टी ने रैली को सफल बनाने के लिए जिला और महानगर इकाइयों के पदाधिकारियों को अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस का दावा है कि प्रदेशभर में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान को लोगों का समर्थन मिला है।

वहीं, राजनीतिक गलियारों में इस मार्च को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की सरकार के खिलाफ बड़ी राजनीतिक सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है।

Popular Articles