Top 5 This Week

Related Posts

‘भारत में ज्यादा समय बिताएं’, किरेन रिजिजू की राहुल गांधी को सलाह; कांग्रेस की जीत के लिए रखीं सात शर्तें

नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें सात नसीहतें दी हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस लोकसभा में अपने सांसदों की संख्या बढ़ाना चाहती है, तो राहुल गांधी को कुछ बदलाव करने होंगे। रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राहुल को भारत में अधिक समय बिताने और बार-बार विदेश यात्राओं से बचने की सलाह दी।

राहुल गांधी के सामने रखीं सात शर्तें

रिजिजू ने अपनी पोस्ट में कहा कि राहुल गांधी को भारत में ज्यादा समय बिताना चाहिए और बार-बार गुप्त विदेश यात्राओं से बचना चाहिए। दूसरी सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि राहुल को वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करना चाहिए और उनके अनुभव से सीख लेनी चाहिए।

तीसरी शर्त में उन्होंने राहुल गांधी को भारत विरोधी लोगों से मुलाकात नहीं करने और उनके एजेंडे को बढ़ावा देने से बचने की सलाह दी। चौथी शर्त में कहा कि उन्हें भाजपा, आरएसएस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कथित नफरत खत्म करनी चाहिए। भाजपा को राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मानना चाहिए, दुश्मन नहीं।

पांचवीं सलाह में रिजिजू ने संसद की कार्यवाही को गंभीरता से लेने और कांग्रेस सांसदों को सदन में बहस एवं चर्चा में हिस्सा लेने देने की बात कही। छठी शर्त में उन्होंने संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करने की नसीहत दी। वहीं सातवीं शर्त में कांग्रेस को लोकतांत्रिक तरीके से चलाने और वंशवादी राजनीति खत्म करने की बात कही।

खुली बहस की चुनौती के बाद बढ़ा विवाद

रिजिजू की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब राहुल गांधी और भाजपा के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खुली बहस को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को आमने-सामने बहस की चुनौती देते हुए आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री विदेशी ताकतों के प्रभाव में काम कर रहे हैं।

इसके जवाब में रिजिजू ने संसद में विपक्ष के वॉकआउट पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि संसद बहस और चर्चा का मंच है, लेकिन जो लोग खुद चर्चा में विश्वास नहीं करते, वे खुली बहस की मांग कर रहे हैं।

रिजिजू की सात शर्तों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

Popular Articles