Saturday, July 27, 2024

Top 5 This Week

Related Posts

भाजपा में शामिल हो सकते हैं कांग्रेस छोड़कर आए मनीष खंडूड़ी

लोस चुनाव से ठीक पहले त्यागपत्र से कांग्रेस को झटका देने वाले मनीष खंडूड़ी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों ने भी मनीष के पार्टी में शामिल होने की संभावना जताई है। मनीष के पिता मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी भाजपा के खांटी नेता हैं और बहन ऋतु खंडूड़ी भूषण पार्टी विधायक होने के साथ उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष हैं। सूत्रों का कहना है कि कुछ दिनों से मनीष भाजपा नेताओं के संपर्क में थे। दो दिन पहले भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के साथ नई दिल्ली में थे।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मेजर जनरल (सेनि) भुवन चंद्र खंडूड़ी के पुत्र मनीष ने वर्ष 2019 में कांग्रेस में सम्मिलित होकर सभी को चौंका दिया था। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से नजदीकी संबंध के चलते फेसबुक की नौकरी छोड़कर मनीष ने कांग्रेस का दामन थामना उचित समझा। उनके इस कदम के बाद खंडूड़ी परिवार राजनीतिक खेमों में बंट गया था।

कांग्रेस ने वर्ष 2019 में गढ़वाल संसदीय सीट से मनीष को टिकट दिया था। वर्ष 2014 में भुवन चंद्र खंडूड़ी ने इस सीट से जीत दर्ज की थी। उनके सांसद रहते ही उनके पुत्र को टिकट देने की कांग्रेस की इस रणनीति को वयोवृद्ध नेता खंडूड़ी की राजनीतिक विरासत के बहाने भाजपा की घेराबंदी के प्रयास के रूप में देखा गया।

Popular Articles