Top 5 This Week

Related Posts

बुलेरो में सोते रहे दो युवक, डैशबोर्ड से दो मोबाइल पार

बनभूलपुरा में शमा डीलक्स के पास वारदात, वीवो और ओप्पो फोन चोरी; अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

हल्द्वानी। सड़क किनारे खड़ी बुलेरो में दो युवक सोते रहे और चोर डैशबोर्ड पर रखे दोनों मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। सुबह जब मोबाइल गायब मिले तो तलाश शुरू हुई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बनभूलपुरा क्षेत्र में हुई इस वारदात ने वाहन में सोते समय सामान की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, ओखलकांडा के पदमपुर मीडार निवासी विकास सिंह मेहरा ने तहरीर में बताया कि छह अक्टूबर की रात वह शमा डीलक्स के पास अपनी बुलेरो खड़ी कर सो रहा था। उसके साथ परिचित किशोर रावत भी गाड़ी में सोया हुआ था। दोनों ने अपने मोबाइल फोन डैशबोर्ड पर रखे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति दोनों फोन चोरी कर ले गया।

चोरी हुए मोबाइल में विकास सिंह मेहरा का नीले रंग का वीवो वी27 और किशोर रावत का लाल रंग का ओप्पो फोन शामिल है। काफी तलाश के बाद भी दोनों मोबाइल नहीं मिले, जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई।

दो दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा

तहरीर के आधार पर आठ अक्टूबर को कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल के आईएमईआई नंबर के आधार पर उनकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वारदात को किसने अंजाम दिया और चोरी हुए मोबाइल बरामद हो पाते हैं या नहीं।

Popular Articles