Top 5 This Week

Related Posts

बुजुर्गों का अकेलापन दूर करेगी सरकार, ‘वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान’ शुरू; युवा बनेंगे बुजुर्गों के साथी

नई दिल्ली। बुजुर्गों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने दीपावली के अवसर पर विशेष पहल की है। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बुधवार को ‘वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान’ की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य बुजुर्गों के अकेलेपन को दूर करना और युवा पीढ़ी तथा वरिष्ठ नागरिकों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत बनाना है।

मंत्री ने नागरिकों से अपील की कि इस दीपावली उनके घरों और आसपास कोई भी बुजुर्ग अकेला न रहे। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के सम्मान में एक दीपक जरूर जलाएं और उनके साथ समय बिताएं।

युवाओं और बुजुर्गों के बीच बनेगा मजबूत रिश्ता

अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत शुरू किए गए इस अभियान को मंत्री ने ‘अनुभव और ऊर्जा का संगम’ बताया। उन्होंने कहा कि युवा बुजुर्गों को डिजिटल दुनिया से जोड़ेंगे, जबकि बुजुर्ग युवाओं को जीवन के मूल्य और अनुभव सिखाएंगे।

अभियान पांच सूत्रीय मॉडल पर आधारित है, जिसमें जुड़ना, संवाद करना, मिलकर काम करना, योगदान देना और इस जुड़ाव को लगातार बनाए रखना शामिल है।

18 वर्ष से अधिक उम्र के लोग बन सकेंगे स्वयंसेवक

अभियान के तहत ‘वयो साथी’ स्वयंसेवक पहल भी शुरू की गई है। इसमें 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के नागरिक, विद्यार्थी और युवा पेशेवर भाग ले सकते हैं। स्वयंसेवक बुजुर्गों को सामाजिक सहयोग, स्वास्थ्य संबंधी सहायता, डिजिटल जानकारी और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने में मदद करेंगे।

इच्छुक लोग एससीडब्ल्यू समावेश पोर्टल या जीवन एप के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। स्वयंसेवकों को प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।

2036 तक 23 करोड़ होगी बुजुर्गों की आबादी

मंत्री ने बताया कि भारत में 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की संख्या वर्ष 2011 में लगभग 10 करोड़ थी, जो 2036 तक बढ़कर 23 करोड़ होने का अनुमान है। शहरीकरण, पलायन और बदलती पारिवारिक व्यवस्था के कारण बुजुर्गों में अकेलापन, डिजिटल जानकारी की कमी और साइबर धोखाधड़ी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।

अभियान को गांवों और शहरों के मोहल्लों तक पहुंचाने के लिए पंचायतों, स्थानीय निकायों और शिक्षण संस्थानों की मदद ली जाएगी। इसका उद्देश्य बुजुर्गों को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि समाज का सम्मानित और सक्रिय हिस्सा बनाना है।

Popular Articles