हल्द्वानी। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से एक बालिका और एक किशोर के लापता होने के मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पहले मामले में कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के प्रगति विहार फेस-2, डहरिया निवासी किरण महेश्वरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 12 वर्षीय पुत्री प्राची महेश्वरी रविवार दोपहर में संत आश्रम गली की ओर सब्जी लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। सब्जी विक्रेता से संपर्क करने पर पता चला कि प्राची वहां पहुंची ही नहीं थी। परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
वहीं दूसरे मामले में थाना मुखानी क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी, प्रेमपुर लोशज्ञानी, छड़ायल निवासी रेखा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 17 वर्षीय पुत्र प्रयांशु एक जुलाई की सुबह बिना बताए घर से चला गया और तब से वापस नहीं लौटा। परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
दोनों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही है




