बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में एक बार फिर भूकंप के झटकों से धरती कांप उठी। गुरुवार देर रात करीब 12 बजकर 27 मिनट पर आए 4.2 तीव्रता के भूकंप से लोगों में दहशत फैल गई। अचानक महसूस हुए झटकों के कारण कई लोग नींद से जागकर अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र पिथौरागढ़ जिले में जमीन से करीब पांच किलोमीटर की गहराई पर था। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.2 दर्ज की गई। भूकंप के झटके आसपास के क्षेत्रों में भी महसूस किए गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात में अचानक घरों और दरवाजों में कंपन महसूस हुआ। घबराए लोग सुरक्षित स्थानों की ओर निकल गए। कई लोगों ने फोन के माध्यम से अपने परिचितों और रिश्तेदारों की कुशलक्षेम पूछी।
लगातार झटकों से लोगों में डर
क्षेत्र में पहले भी भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं। लगातार भूकंपीय गतिविधियों के कारण स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। रात के समय आए झटकों ने लोगों की नींद उड़ा दी।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, फिलहाल किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
भूकंप विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र पिथौरागढ़ जिले में था, जो बागेश्वर के आसपास के क्षेत्रों में भी महसूस किया गया।





