Top 5 This Week

Related Posts

फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण  को लेकर बैठक आयोजित

हल्द्वानी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का 01 जुलाई, 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण  किया जा रहा है। इसी क्रम में एनआईसी कक्ष, तहसील परिसर हल्द्वानी में अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बी.एल.ए.-1 के साथ बैठक आयोजित की गई।बैठक में अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने बताया कि एस.आई.आर. प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित रूप से साप्ताहिक बैठकें आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज की बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के दो-दो पदाधिकारी प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि अन्य प्रतिनिधि ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। रामनगर, नैनीताल एवं भीमताल विधानसभा क्षेत्रों से भी संबंधित प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन प्रतिभाग किया।

उन्होंने बताया कि बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा एस.आई.आर. प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न प्रश्न एवं जिज्ञासाएं रखी गईं, जिनका विस्तार से समाधान किया गया। प्रतिनिधियों को अब तक की गई प्रक्रिया की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि एस.आई.आर. प्रक्रिया लगभग सभी विधानसभा क्षेत्रों में पूर्ण हो चुकी है तथा हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में भी आज प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी। बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रक्रिया को लेकर संतुष्टि व्यक्त की तथा किसी प्रकार की आशंका अथवा शिकायत नहीं होने की जानकारी दी।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने राजनीतिक दल के अधिकृत पदाधिकारियों से समन्वय कर उनके नाम एवं पदनाम उपलब्ध कराएं, ताकि एफएलसी प्रक्रिया के लिए उन्हें आवश्यक पहचान पत्र जारी किए जा सकें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का सहयोग महत्वपूर्ण है।बैठक में उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, उप जिलाधिकारी कालाढूंगी सुधीर कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Popular Articles