न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भारत की स्थायी सदस्यता की दावेदारी को यूरोप के चार देशों का समर्थन मिला है। हंगरी, पोलैंड, स्लोवाकिया और चेक गणराज्य ने भारत की स्थायी सीट की मांग का समर्थन किया। यह समर्थन न्यूयॉर्क में 81वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान हुई पहली V4-इंडिया विदेश मंत्रियों की बैठक में सामने आया।
स्लोवाकिया के विदेश मंत्री जुराज ब्लानार ने कहा कि V4 देश इस बात पर सहमत हैं कि ग्लोबल साउथ के प्रमुख देश और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में उभरती शक्ति के रूप में भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्य के तौर पर जगह मिलनी चाहिए। V4 में हंगरी, पोलैंड, स्लोवाकिया और चेक गणराज्य शामिल हैं।
जयशंकर ने बैठक को बताया ऐतिहासिक
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पहली V4-इंडिया बैठक को एक नया ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि बैठक में राजनीतिक और आर्थिक सहयोग के अलावा रक्षा, तकनीक, अंतरिक्ष, कनेक्टिविटी और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने विदेश मंत्रियों की वार्षिक बैठक और वार्षिक बिजनेस फोरम आयोजित करने पर भी सहमति जताई।
जयशंकर ने कहा कि भारत के V4 देशों के साथ रक्षा सहयोग का पुराना संबंध रहा है और इसे आगे बढ़ाने पर काम किया जाएगा। इसके अलावा तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के अवसर तलाशने पर भी चर्चा हुई।
UNSC में पांच स्थायी सदस्य
वर्तमान में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 15 सदस्य हैं। इनमें अमेरिका, रूस, चीन, फ्रांस और ब्रिटेन पांच स्थायी सदस्य हैं, जबकि 10 गैर-स्थायी सदस्य दो वर्ष के कार्यकाल के लिए चुने जाते हैं। भारत लंबे समय से सुरक्षा परिषद में सुधार और स्थायी सदस्यता की मांग कर रहा है।
भारत को पहले भी कई देशों का समर्थन मिल चुका है। हालांकि सुरक्षा परिषद के ढांचे में बदलाव के लिए व्यापक अंतरराष्ट्रीय सहमति और निर्धारित प्रक्रिया की आवश्यकता होती है। चार V4 देशों का ताजा समर्थन भारत की कूटनीतिक मुहिम में एक और घटनाक्रम के रूप में सामने आया है।





