देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सहसपुर सीट पर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा है कि वह सहसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को इसी सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी।
हरक सिंह रावत ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि भाजपा उनके खिलाफ ऐसे लोगों से बयान दिलवा रही है, जो प्रधान का चुनाव भी नहीं जीत सकते। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से उनके खिलाफ कथित तौर पर झूठा प्रचार किया जा रहा है। इसके जवाब में उन्होंने मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को सहसपुर से चुनाव लड़कर दिखाने की चुनौती दी।
टिकट पर अभी फैसला नहीं
रावत ने स्पष्ट किया कि अभी किसी भी प्रत्याशी का टिकट अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है। पार्टी हाईकमान जिसे टिकट देगा, सभी कांग्रेस कार्यकर्ता उसके पक्ष में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए प्रत्याशी से ज्यादा पार्टी का चुनाव चिह्न महत्वपूर्ण है और कार्यकर्ता कांग्रेस की जीत के लिए काम करेंगे।
सहसपुर में पहले से सक्रिय हैं दावेदार
सहसपुर सीट पर कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों में चुनावी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के सहदेव पुंडीर ने कांग्रेस के आर्येंद्र शर्मा को हराया था। इससे पहले भी इस सीट पर भाजपा का दबदबा रहा है। 2027 के चुनाव को देखते हुए दोनों दलों में संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
हरक सिंह रावत के ताजा बयान के बाद सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। हालांकि कांग्रेस की ओर से इस सीट पर अंतिम प्रत्याशी की घोषणा अभी नहीं हुई है।





