Top 5 This Week

Related Posts

पुराने गोला-बारूद बन सकते हैं ‘टाइम बम’, 20 साल से रखे पांच टन विस्फोटक को अमेरिकी सेना ने किया नष्ट

वाशिंगटन। पुराने गोला-बारूद और विस्फोटक पदार्थ समय के साथ कितने खतरनाक हो सकते हैं, इसका उदाहरण अमेरिका के आयोवा में देखने को मिला। अमेरिकी सेना ने एक गोला-बारूद डिपो में करीब पांच टन बेहद संवेदनशील विस्फोटक पदार्थ ‘लीड एजाइड’ का नियंत्रित विस्फोट कर उसे नष्ट कर दिया। यह विस्फोटक करीब 20 वर्षों से डिपो में रखा हुआ था। इसकी हालत इतनी खतरनाक हो गई थी कि मामूली हलचल या घर्षण से भी विस्फोट होने का खतरा था।

समय के साथ बढ़ गई विस्फोट की आशंका

विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक रखे रहने के कारण लीड एजाइड में रिक्रिस्टलाइजेशन यानी दोबारा क्रिस्टल बनने की प्रक्रिया हुई। इससे यह पदार्थ पहले की तुलना में अधिक संवेदनशील हो गया। इसमें घर्षण, तापमान में बदलाव और हलचल से अचानक विस्फोट होने की आशंका बढ़ गई थी। यहां तक कि बिना किसी बाहरी कारण के भी इसके फटने का खतरा बना हुआ था।

क्या होता है नियंत्रित विस्फोट?

नियंत्रित विस्फोट ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें प्रशिक्षित बम निरोधक विशेषज्ञ और सैन्य इंजीनियर किसी खतरनाक विस्फोटक को निर्धारित सुरक्षित स्थान पर योजनाबद्ध तरीके से नष्ट करते हैं। इसका उद्देश्य अनियंत्रित विस्फोट की आशंका को खत्म करना और आसपास रहने वाले लोगों तथा संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना होता है।

दशकों पुराने बम भी बन सकते हैं खतरा

पुराने बम, मोर्टार, गोले और ग्रेनेड लंबे समय तक जमीन या गोदामों में पड़े रहने के बाद भी खतरनाक हो सकते हैं। इनमें मौजूद रासायनिक पदार्थों और फ्यूज सिस्टम में समय के साथ बदलाव आता है। निर्माण कार्य, खुदाई या खेती के दौरान ऐसे विस्फोटक बाहर आने पर बड़ा हादसा हो सकता है।

भारत में भी चलाए गए हैं ऐसे अभियान

भारत में भी पुराने और निष्क्रिय विस्फोटकों को नष्ट करने के लिए कई अभियान चलाए गए हैं। वर्ष 2021 में तमिलनाडु के गुम्मीडिपूंडी में ऑपरेशन तिरुवल्लूर के तहत करीब 10 टन पुराने विस्फोटकों का निपटान किया गया था। वहीं, 2024 में त्रिपुरा में 1971 के युद्ध के दौरान इस्तेमाल किए गए मोर्टार बम नष्ट किए गए थे। पश्चिम बंगाल में द्वितीय विश्व युद्ध के समय का बम भी सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया था।

विशेषज्ञों का मानना है कि पुराने गोला-बारूद की नियमित जांच और समय पर सुरक्षित निपटान बेहद जरूरी है। लापरवाही की स्थिति में ऐसे विस्फोटक कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

Popular Articles