Top 5 This Week

Related Posts

पीली कोठी में आधी रात लाठी-डंडों का तांडव, वीडियो वायरल… पुलिस बोली- तहरीर नहीं आई

हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र के पीली कोठी इलाके में देर रात कथित रूप से लाठी-डंडों के साथ हुई मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कई लोग हाथों में लाठी-डंडे लिए नजर आ रहे हैं। हालांकि पुलिस ने मामले में अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है और कार्रवाई को तहरीर मिलने से जोड़ दिया है।

मुखानी कोतवाल सुशील कुमार का कहना है कि घटना के संबंध में अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उधर, वायरल वीडियो के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि खुलेआम इस तरह की घटनाओं के वीडियो सामने आ रहे हैं तो पुलिस को स्वतः संज्ञान लेकर जांच करनी चाहिए।

शहर में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच यह मामला भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है। आमजन का कहना है कि अपराधियों के हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं, जबकि पुलिस केवल शिकायत का इंतजार करती नजर आती है। फिलहाल पुलिस ने वायरल वीडियो की जानकारी होने की बात स्वीकार की है, लेकिन औपचारिक शिकायत न मिलने का हवाला देकर कार्रवाई से दूरी बनाए हुए है।

वायरल वीडियो ने बढ़ाई पुलिस की मुश्किलें

पीली कोठी की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जब घटना का वीडियो सार्वजनिक है तो पुलिस को स्वतः संज्ञान लेकर जांच शुरू करनी चाहिए, न कि केवल तहरीर का इंतजार करना चाहिए।

बढ़ते अपराधों पर उठे सवाल

शहर में लगातार सामने आ रही मारपीट और आपराधिक घटनाओं के बीच नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई और प्रभावी गश्त के बिना कानून-व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होना मुश्किल होगा। ऐसे में आलाअधिकारियों की चुप्पी पर भी कई सवालया निशान खड़े हो रहे हैं।

Popular Articles