Top 5 This Week

Related Posts

पिछले दशक के प्रयासों से मजबूत हुई भारत की ऊर्जा सुरक्षा : पीएम मोदी, कर्नाटक को 15,600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि पिछले दस वर्षों में ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों के कारण भारत पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और उससे पैदा हुई चुनौतियों का मजबूती से सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के घरेलू उत्पादन में वृद्धि, कच्चे तेल के भंडारण की व्यवस्था तथा सौर, पवन और जल ऊर्जा के विस्तार ने देश को ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

प्रधानमंत्री ने कर्नाटक के बेंगलुरु और मैसूरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में ऊर्जा, रेलवे और शहरी परिवहन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

मोदी ने कहा कि ईरान और खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध ने वैश्विक स्तर पर ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को फिर से उजागर किया है। भारत ने पिछले दशक में ऊर्जा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया है, जिससे मौजूदा संकट का सामना करने में मदद मिली है। उन्होंने बताया कि देश की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 300 गीगावाट से अधिक हो चुकी है।

प्रधानमंत्री ने मंगलुरु में 80 हजार मीट्रिक टन क्षमता वाली एलपीजी भंडारण सुविधा और बेंगलुरु के देवांगोंथी में पेट्रोलियम उत्पाद विपणन टर्मिनल का उद्घाटन किया। इसके अलावा बेंगलुरु में प्रतिदिन करीब 13 टन कंप्रेस्ड बायोगैस उत्पादन करने वाले संयंत्र की आधारशिला रखी गई। इन परियोजनाओं से ईंधन आपूर्ति, भंडारण और कचरा प्रबंधन को मजबूती मिलेगी।

मेट्रो और रेलवे को भी मिली नई सौगात

प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन के कलेना अग्रहार से तवरेकेरे तक 7.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड खंड का उद्घाटन किया। करीब 3,470 करोड़ रुपये की लागत से बने इस हिस्से से शहर में सार्वजनिक परिवहन और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।

उन्होंने बेंगलुरु से मंगलुरु होते हुए गोवा के मडगांव तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कर्नाटक के चार पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया।

सौर ऊर्जा को बढ़ावा

मोदी ने बताया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत देश में 60 लाख से अधिक परिवारों ने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए हैं। वहीं, कर्नाटक में पीएम-कुसुम योजना के तहत आठ लाख से अधिक सौर पंप किसानों को सिंचाई सुविधा दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने मैसूरु में देश के पहले एलईडी डोम तारामंडल का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से कर्नाटक के विकास को नई गति मिलेगी और विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।

Popular Articles