देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच निर्वाचन आयोग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, गलतियों में सुधार कराने और अपात्र नामों पर आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों की बूथवार मतदाता सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। मतदाता अपने बूथ की जानकारी के आधार पर सूची में अपना नाम जांच सकते हैं।
11 दिसंबर तक दर्ज होंगे दावे और आपत्तियां
निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। प्राप्त आवेदनों और आपत्तियों पर 28 दिसंबर तक सुनवाई और निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
18 साल पूरे करने वाले युवाओं को मिलेगा मौका
इस अभियान के तहत वे युवा भी मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं, जो 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे। इसके अलावा जिन पात्र नागरिकों का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे भी अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
ऑनलाइन और ऑफलाइन कर सकते हैं आवेदन
नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in या वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जाकर भी आवेदन जमा किया जा सकता है।
वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण गलत होने पर संशोधन के लिए आवेदन किया जा सकेगा। अपात्र नामों के खिलाफ फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें और किसी भी तरह की त्रुटि होने पर निर्धारित समयसीमा के भीतर सुधार कराएं।





