गुवाहाटी। असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास शुक्रवार दोपहर भीषण सड़क दुर्घटना में 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। मृतकों में दो महिलाएं और एक नाबालिग समेत कई कॉलेज विद्यार्थी शामिल हैं। हादसा मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना गोलाघाट जिले के रंगाजन इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर हाथीकुली चाय बागान के पास हुई। करीब 40 यात्रियों से भरी मिनी बस जोरहाट से गुवाहाटी की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनी बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री वाहन के अंदर फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को तत्काल कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और अन्य नजदीकी अस्पतालों में रेफर किया गया।
प्रारंभिक जांच में मिनी बस की तेज रफ्तार को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, काजीरंगा क्षेत्र में वाहनों की गति को लेकर प्रतिबंध लागू हैं। आशंका है कि चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस ट्रक से टकरा गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। राज्य सरकार के मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
प्रशासन ने हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।




