Top 5 This Week

Related Posts

न ट्रैफिक रोका, न बैरिकेडिंग की… आम जनता के बीच से गुजरा तमिलनाडु के CM विजय का काफिला, सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ

चेन्नई। वीआईपी मूवमेंट के दौरान आमतौर पर नेताओं के काफिले को रास्ता देने के लिए यातायात रोक दिया जाता है और कई जगहों पर बैरिकेडिंग कर दी जाती है। इससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। हालांकि, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के काफिले का एक अलग अंदाज देखने को मिला। उनका काफिला बिना आम जनता का यातायात रोके सड़क से गुजरता नजर आया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में मुख्यमंत्री विजय का पूरा काफिला सड़क की एक लेन से गुजरता दिखाई दे रहा है। वहीं दूसरी लेन में आम नागरिकों के वाहन लगातार चलते रहे। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान न तो सड़क पर बैरिकेडिंग की गई और न ही आम लोगों की आवाजाही रोकी गई।

एक लेन से निकला काफिला, दूसरी पर जारी रहा यातायात

वीडियो में देखा जा सकता है कि मुख्यमंत्री के काफिले को सुरक्षित रास्ता देने के लिए ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी तैनात थे। इसके बावजूद आम नागरिकों के वाहनों को रोकने की व्यवस्था नहीं की गई। एक के बाद एक सरकारी वाहन गुजरते रहे और दूसरी ओर लोग सामान्य रूप से अपने गंतव्य की तरफ बढ़ते रहे।

आमतौर पर किसी मुख्यमंत्री या अन्य वीआईपी के दौरे के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन और सड़क बंद होने से लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में विजय के काफिले का यह वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है।

सोशल मीडिया पर लोगों ने की सराहना

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स मुख्यमंत्री के इस अंदाज की तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने इसे वीआईपी संस्कृति में बदलाव की दिशा में अच्छा कदम बताया है। यूजर्स का कहना है कि जनप्रतिनिधियों के आने-जाने से आम जनता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

हालांकि, यह भी उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु में मुख्यमंत्री के काफिले के दौरान यातायात नहीं रोकने की व्यवस्था नई नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के कार्यकाल में वर्ष 2021 में भी इस संबंध में निर्देश जारी किए गए थे।

Popular Articles