नैनीताल। नैनीताल में टैक्सी संचालन कर रहे बुलंदशहर निवासी (45) वर्षीय मनोज जैन की तल्लीताल पार्किंग से गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रख दिया है पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर निवासी मनोज जैन कई वर्षों से नैनीताल में रहकर टैक्सी चलाता था और टैक्सी स्टैंड के कार्यालय में ही रहता था। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात्रि वह शराब के नशे में था। रात में वह लघुशंका के लिए कमरे से बाहर आया और इसी दौरान अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट ऊंची पार्किंग से नीचे खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मनोज को बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान तल्लीताल कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को मोर्चरी में रख दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी।





