2017 बैच के आईपीएस, उत्तरकाशी और एसटीएफ में निभा चुके अहम जिम्मेदारी; पर्यटन सीजन, अपराध और साइबर ठगी पर नए कप्तान की होगी असली परीक्षा
हल्द्वानी। नैनीताल जिले की पुलिस कप्तानी अब नए हाथों में होगी। शासन के 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले में 2017 बैच के आईपीएस अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया एसएसपी बनाया गया है। मंजूनाथ टीसी को जिले से हटाकर 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। इस बदलाव के साथ जिले की कानून व्यवस्था की कमान नए कप्तान के हवाले हो गई है।
अर्पण यदुवंशी उत्तरकाशी में एसपी के रूप में सेवाएं देने के साथ एसटीएफ में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं। एसडीआरएफ को देश में पहली बार आईएसओ प्रमाणन दिलाने में भी उनकी अहम भूमिका रही है। अब उनके अनुभव की परीक्षा नैनीताल जिले की जटिल पुलिसिंग में होगी।
सरोवर नगरी और आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में सीजन के दौरान वाहनों का दबाव, सड़कों पर लगने वाले जाम, पार्किंग की बदहाल व्यवस्था, अपराध और नशे के नेटवर्क पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं। इसके अलावा साइबर ठगी और पर्यटकों की सुरक्षा भी नए कप्तान के सामने अहम मोर्चे होंगे।
शासन के इस फेरबदल में नैनीताल समेत ऊधम सिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, चमोली और बागेश्वर के कप्तान भी बदल दिए गए हैं। गृह अनुभाग-1 के सचिव शैलेश बगौली की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। पुलिस मुख्यालय, पीएसी, एसडीआरएफ और अभिसूचना इकाइयों में भी बड़े स्तर पर जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
अब जिले की जनता की निगाहें नए कप्तान पर रहेंगी कि वह पर्यटन के दबाव, बिगड़ते यातायात, अपराध और नशे की चुनौती से निपटने के लिए कितनी प्रभावी रणनीति जमीन पर उतार पाते हैं। नई कप्तानी का असली इम्तिहान आदेशों से नहीं, सड़कों और थानों में नजर आने वाले बदलाव से होगा।





