नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले में शुक्रवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.4 दर्ज की गई। भूकंप सुबह 5 बजकर 32 मिनट 39 सेकंड पर आया।
NCS के मुताबिक, भूकंप का केंद्र नासिक से करीब 51 किलोमीटर उत्तर में था और इसकी गहराई जमीन के भीतर लगभग 3 किलोमीटर दर्ज की गई। कम तीव्रता के इस भूकंप के झटके महसूस होने के बाद कुछ समय के लिए लोगों में दहशत का माहौल रहा। हालांकि, अब तक भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
गौरतलब है कि नासिक और आसपास के इलाकों में हाल के दिनों में लगातार भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की गई हैं। NCS के रिकॉर्ड के अनुसार, शुक्रवार तड़के 12 बजकर 5 मिनट 59 सेकंड पर भी नासिक में 3.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ था। इसके अलावा, पिछले दिनों भी नासिक में कई हल्के झटके महसूस किए गए हैं।
इससे पहले 8 अगस्त को नासिक में 4.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था, जिसके बाद जिले के कुछ हिस्सों में मकानों की दीवारों में दरारें आने की खबर सामने आई थी।
शुक्रवार को नासिक के अलावा हिमाचल प्रदेश के चंबा में भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए। NCS के अनुसार, चंबा में सुबह 6:36 बजे 3.0 तीव्रता का भूकंप आया। लगातार भूकंपीय गतिविधियों के बीच प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।





