Top 5 This Week

Related Posts

नाबालिग से दरिंदगी का अड्डा बना होमस्टे सील, चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार

बिना पहचान पत्र जांचे खोल दिए कमरे के दरवाजे, अब संचालकों की लापरवाही पर भी प्रशासन का शिकंजा

हल्द्वानी। नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में अब पुलिस का शिकंजा उस ठिकाने तक पहुंच गया है, जहां अपराध की पटकथा लिखी गई। मुखानी क्षेत्र स्थित त्रिशूल होमस्टे को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने सील कर दिया है। सवाल सिर्फ चार आरोपियों की गिरफ्तारी का नहीं, बल्कि उस व्यवस्था का भी है, जिसने पहचान पत्र का सत्यापन किए बिना नाबालिग को होमस्टे में कमरा उपलब्ध करा दिया।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में सामने आया कि होमस्टे में पहचान संबंधी अनिवार्य जांच किए बिना कमरा दिया गया था। इसी परिसर में पॉक्सो अधिनियम से जुड़ा गंभीर अपराध हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पूरे होमस्टे परिसर को सील कर दिया। अब प्रशासन होमस्टे के संचालन, पंजीकरण और अन्य संभावित अनियमितताओं की भी जांच कर रहा है। जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आने पर संचालकों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस और जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि महिला एवं बाल अपराधों में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराध करने वालों के साथ-साथ उन्हें ठिकाना देने और नियमों को ताक पर रखने वालों पर भी कार्रवाई होगी।

Popular Articles