Top 5 This Week

Related Posts

नरेश बंसल का कांग्रेस पर हमला, बोले- राजनीतिक विरोध में दिवंगत आत्माओं और सनातन परंपराओं का अपमान दुर्भाग्यपूर्ण

देहरादून। भाजपा के राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कांग्रेस पर राजनीतिक विरोध की मर्यादा लांघने का आरोप लगाया है। देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान बंसल ने कहा कि कांग्रेस अब दिवंगत परिजनों और सनातन आस्थाओं से जुड़े विषयों को भी राजनीतिक निशाना बना रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पितृ श्राद्ध-तर्पण को लेकर कांग्रेस की कथित टिप्पणियों पर आपत्ति जताई।

बंसल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति में नफरत बढ़ रही है और उसके नेता राजनीतिक विरोधियों के परिवारों तथा धार्मिक भावनाओं को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के ‘मोहब्बत की दुकान’ के नारे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि राजनीतिक बहस मुद्दों पर होनी चाहिए, व्यक्तिगत हमलों पर नहीं।

राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल

बंसल ने फ्लाईदुबई विमान घटना में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को लेकर राहुल गांधी की कथित चुप्पी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब देश के इस साहसी पायलट की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू समेत कई लोगों ने सराहना की, तब राहुल गांधी की ओर से प्रतिक्रिया क्यों नहीं आई।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं की ओर से पूर्व सीडीएस जनरल बिपिन रावत और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर की गई कथित टिप्पणियों पर भी आपत्ति जताई। बंसल ने कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण व्यक्तियों पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना राजनीतिक मर्यादा के अनुरूप नहीं है।

कोटद्वार मामले पर भी कांग्रेस को घेरा

भाजपा सांसद ने कोटद्वार में मोहम्मद दीपक की गिरफ्तारी के मामले को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने मोहम्मद दीपक से मुलाकात की, लेकिन कथित पीड़ित हिंदू व्यापारी से मिलने नहीं गए। बंसल ने कहा कि इससे कांग्रेस की संवेदनशीलता को लेकर सवाल खड़े होते हैं।

बंसल ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन राजनीतिक संघर्ष की अपनी मर्यादा होनी चाहिए। धार्मिक आस्था, दिवंगत व्यक्तियों और देश की सुरक्षा से जुड़े सम्मानित लोगों को राजनीतिक विवाद का विषय बनाना उचित नहीं है। प्रेसवार्ता में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी और प्रवक्ता भी मौजूद रहे।

Popular Articles