Saturday, March 22, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

धनोल्टी, चकराता और बुरांशखंडा में बिछी बर्फ की सफेद चादर

उत्तराखंड के पहाड़ों में बृहस्पतिवार को मौसम में आए बदलाव के बाद धनोल्टी, चकराता, बुरांशखंडा, नागटिब्बा, सुरकंडा में जमकर बर्फबारी हुई। मसूरी में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाके लालटिब्बा, चार दुकान क्षेत्र में हल्की बर्फबारी भी हुई। इससे क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है।

बृहस्पतिवार को मसूरी में सुबह बारिश और सात हजार फीट ऊंचाई वाले लालटिब्बा, चार दुकान क्षेत्र में हल्की बर्फबारी हुई।हालांकि, बर्फ ज्यादादेर तक टिक नहीं पाई। बर्फ गिरते देख स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों में उत्साह दिखाई दिया। मसूरी में ठंड से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। उधर, धनोल्टी, चकराता, बुरांशखंडा में झमाझम बारिश के बाद जमकर बर्फ पड़ी। धनोल्टी में घर की छतों, वाहनों, पेड़, पौधों पर बर्फ जम गई। पहाड़ बर्फ की सफेद चादर में लिपट गए।बुरांशखंडा निवासी सुरेश कोहली ने बताया कि बर्फबारी के बाद क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। सुबह साढ़े आठ बजे बिजली गायब हो गई थी, जो दोपहर बाद तीन बजकर 20 मिनट पर आई। इसके दस मिनट बाद फिर बिजली गायब हो गई। इससे सैलानियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मसूरी में हल्के ओले भी पड़े। शहर में बर्फबारी का इंतजार कर रहे लोगों को एक बार फिर मायूसी हाथ लगी।

Popular Articles