Top 5 This Week

Related Posts

द्वितीय केदार मद्महेश्वर की यात्रा आज से फिर शुरू, ट्रॉली संचालन का समय बदला

रुद्रप्रयाग। कांवड़ यात्रा के दौरान अत्यधिक भीड़ और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए अस्थायी रूप से स्थगित की गई द्वितीय केदार मद्महेश्वर धाम की यात्रा बुधवार, 19 अगस्त से फिर शुरू हो रही है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पूर्व में 7 अगस्त को जारी यात्रा स्थगन के आदेश को निरस्त कर दिया है।

यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय उप जिलाधिकारी ऊखीमठ की जांच रिपोर्ट के साथ पुलिस, लोक निर्माण विभाग, तहसील प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर लिया गया है। हालांकि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्ग पर कई व्यवस्थाएं लागू रहेंगी।

सुरक्षा के मद्देनजर ट्रॉली संचालन के समय में बदलाव किया गया है। अब ट्रॉली सुबह 6:30 से 9 बजे, इसके बाद 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे और फिर दोपहर 2:30 से शाम 6 बजे तक संचालित होगी। सुबह 9 से 10:30 बजे और दोपहर 1 से 2:30 बजे तक ट्रॉली संचालन बंद रहेगा।

यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती के साथ भीड़ नियंत्रण और यात्रियों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और खोज एवं बचाव दल भी तैनात रहेंगे।

प्रशासन ने यात्रा संचालन बहाल करते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। इससे मद्महेश्वर धाम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी और यात्रा व्यवस्थाएं भी नियंत्रित तरीके से संचालित की जा सकेंगी।

 

Popular Articles