Top 5 This Week

Related Posts

दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन, देहरादून-मसूरी में होंगे कार्यक्रम

देहरादून। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह देहरादून के लिए रवाना हुए। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

उपराष्ट्रपति बुधवार को देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए) में भारतीय वन सेवा के 2025-27 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों से संवाद करेंगे। इस दौरान वह प्रशिक्षु अधिकारियों से बातचीत कर उन्हें संबोधित भी करेंगे।

दौरे के दूसरे दिन, 20 अगस्त को उपराष्ट्रपति मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) जाएंगे। यहां वह 2024 बैच के आईएएस अधिकारियों के प्रोफेशनल कोर्स के दूसरे चरण के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

दोनों अकादमियों के दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे।

वीवीआईपी दौरे को देखते हुए देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने कार्यक्रम स्थलों तथा उपराष्ट्रपति के निर्धारित मार्गों पर विशेष निगरानी बढ़ाई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक रूट डायवर्जन भी लागू किए गए हैं।

उपराष्ट्रपति के उत्तराखंड दौरे को प्रशासनिक और वन सेवा प्रशिक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Popular Articles