हल्द्वानी। एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना, मारपीट और घर से निकालने के गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। पीड़िता ने थाना मुखानी पुलिस को दी गई तहरीर में न्याय की गुहार लगाई है।
धार बिठौरिया नंबर-1, हरिपुर नायक निवासी इंदु पाण्डे का विवाह 21 अप्रैल 2024 को हल्दूचौड़ निवासी नीरज दुम्का के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह में लाखों रुपये खर्च किए गए तथा दहेज और उपहार के रूप में फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, जेवरात, घरेलू सामान और करीब चार लाख रुपये नकद भी दिए गए।
पीड़िता का आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज में मायके के दो मंजिला मकान का हिस्सा अपने नाम कराने तथा मॉल के लिए बड़े-बड़े फ्रिज लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था।
पीड़िता ने आरोप लगाया गया है कि पति अक्सर शराब के नशे में मारपीट करता था और उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाता था। पीड़िता का कहना है कि उसे घरेलू खर्च, पढ़ाई की फीस और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं तक के लिए भी तरसाया जाता था, जिसके चलते उसे अपनी बीएड की फीस मायके वालों की मदद से भरनी पड़ी।
विवाहिता ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी देवरानी ने पति पर अभद्र व्यवहार और गलत हरकत करने की कोशिश का आरोप लगाया था। इस बात का विरोध करने पर दोनों महिलाओं को बदनाम करने का प्रयास किया गया और उनके चरित्र पर सवाल उठाए गए।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 26 अप्रैल 2025 को पति और अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट कर उसे केवल पहने हुए कपड़ों में घर से निकाल दिया। उसका स्त्रीधन, जेवर, कपड़े और अन्य सामान आज भी ससुराल में रखा हुआ है। तब से वह अपने मायके में रहने को विवश है।
विवाहिता ने अपनी तहरीर में पति नीरज दुम्का, ससुर दया किशन दुम्का, सास मुन्नी देवी और देवर पंकज दुम्का के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।




