Top 5 This Week

Related Posts

तिकोनिया से ठंडी सड़क तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 6 ठेले जब्त, 15 हजार की चालानी कार्रवाई

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी ने सोमवार को शहर में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए तिकोनिया वर्कशॉप लाइन से ठंडी सड़क तक फुटपाथों और नालियों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। अभियान के दौरान फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण तथा नालियों पर बने पक्के अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया, जबकि फुटपाथ पर खड़े ठेलों को भी जब्त कर लिया गया।

सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई एवं नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में चले इस अभियान के दौरान तीन ट्रॉली और तीन योद्धा वाहनों में अतिक्रमण का सामान जब्त किया गया। इसके अलावा फुटपाथ पर खड़े छह ठेलों को भी कब्जे में लिया गया।

नगर निगम की ओर से अभियान के दौरान कुल 11 चालान किए गए, जिनमें चार अतिक्रमण और सात सफाई व्यवस्था से संबंधित थे। इस दौरान 15 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख सड़कों, फुटपाथों और नालियों से अवैध कब्जे हटाकर आम लोगों के लिए सुगम यातायात और बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान में नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

Popular Articles