तीन आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
रुद्रपुर। जिला अस्पताल परिसर में हुई खूनी वारदात के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई। दिनदहाड़े हुए विवाद में एक युवक की जान जाने के महज 12 घंटे के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास कुमार को पुलभट्टा क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
दरअसल, बीते शुक्रवार की सुबह जगतपुरा स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया था। इसके बाद जिला अस्पताल परिसर में दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते संघर्ष खूनी हो गया और नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया गया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती नितेश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के बाद वादी दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने दबिश देकर पहले आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। इसके बाद मुख्य आरोपी विकास कुमार को पुलभट्टा क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया गया।
विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार,
आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार,
विनोद कुमार पुत्र स्व. रामावतार, निवासी जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप।
पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलभट्टा, दिनेशपुर थाना पुलिस और एसओजी की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




