हल्द्वानी। डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद नैनीताल में अपराधियों और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चोरगलिया पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एक अंतर-जनपदीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित सैनी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम 27 जून को चोरगलिया क्षेत्र स्थित एम वी आर गेट पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर पुलिस टीम ने गलफार गेट की ओर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर दबोच लिया।
तलाशी के दौरान युवक के बैग से अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चोरगलिया में एफआईआर संख्या 30/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रियासत पुत्र रईस अहमद (30 वर्ष) निवासी ग्राम एवं पोस्ट नकुलिया, थाना सितारगंज, जिला उधम सिंह नगर के रूप में हुई है।
बरामद हथियारों में शामिल हैं—
02 देशी तमंचे (12 बोर), 06 जिंदा कारतूस (12 बोर), 06 देशी तमंचे (315 बोर), 04 जिंदा कारतूस (315 बोर)
कुल मिलाकर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 08 अवैध तमंचे और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अब अभियुक्त के आपराधिक इतिहास, हथियारों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किन-किन जनपदों में अवैध हथियारों की सप्लाई करता था और इस नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में उपनिरीक्षक निधि शर्मा, उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन प्रभारी एसओजी हेड कांस्टेबल कुन्दन सिंह कठायत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, कांस्टेबल भूपेन्द्र ज्येष्ठा, कांस्टेबल भारत भूषण तथा कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह शामिल रहे।
इस सराहनीय सफलता पर डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पूरी पुलिस टीम की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन हेतु ₹2,500 नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।





