Top 5 This Week

Related Posts

चित्रकूट में प्रेमिका के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, चाची की मौत; चाचा गंभीर, आरोपी भी घायल मिला

चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में प्रेम प्रसंग के विरोध में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। मऊ थाना क्षेत्र के जोरवारा गांव में एक युवक ने प्रेमिका के घर पहुंचकर तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से प्रेमिका की चाची की मौत हो गई, जबकि उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर एक खेत में घायल अवस्था में मिला।

जानकारी के अनुसार, घटना से एक दिन पहले युवक और नाबालिग प्रेमिका को स्वजन ने साथ में पकड़ लिया था। इसके बाद युवती के परिवार ने मऊ थाने में युवक के खिलाफ शिकायत की थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक रविवार रात करीब नौ बजे तमंचा लेकर प्रेमिका के घर पहुंचा और गोलीबारी शुरू कर दी।

फायरिंग में प्रेमिका की चाची और चाचा को गोलियां लग गईं। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चाची को मृत घोषित कर दिया। चाचा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया गया।

खेत में घायल मिला आरोपी

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद पुलिस को घटनास्थल से लगभग 150 मीटर दूर खेत में वह घायल मिला। उसके चेहरे के बाईं ओर गोली लगी थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल तमंचा बरामद कर आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊ में भर्ती कराया।

सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कांत राय और अन्य अधिकारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, आरोपी के घायल होने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।

Popular Articles