Top 5 This Week

Related Posts

गीजर की मरम्मत के बहाने घर में घुसा, अलमारी से सोने के गहने गायब कर गया इलेक्ट्रिशियन!

मकान मालिक शादी में गया था, घर पर अकेली थीं बुजुर्ग मां; आसिफ पर चोरी का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

हल्द्वानी। घर के खराब गीजर को ठीक कराने के लिए बुलाया गया इलेक्ट्रिशियन ही घर में चोरी का संदिग्ध बन गया। मरम्मत के बहाने बार-बार घर पहुंचा युवक मौका देखकर अलमारी में रखे सोने के गहनों पर हाथ साफ कर गया। परिवार शादी समारोह से लौटा तो सब कुछ सामान्य था, लेकिन अलमारी खंगाली तो गहने गायब मिले। पीड़ित की शिकायत पर भोटिया पड़ाव चौकी पुलिस ने आरोपी आसिफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला गुरुनानकपुरा क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता के मुताबिक 15 नवंबर को घर का गीजर खराब होने पर उन्होंने फरमान नाम के इलेक्ट्रिशियन को फोन कर बुलाया था। फरमान अपने साथ आसिफ नाम के युवक को लेकर पहुंचा और गीजर ठीक करने के बाद दोनों चले गए। इसके दो दिन बाद आसिफ दोबारा गीजर चेक करने के बहाने घर पहुंचा। उस समय दंपती शादी समारोह में गए हुए थे और घर पर केवल उनकी मां मौजूद थीं।

आरोप है कि आसिफ करीब आधे घंटे तक घर में रुका। इसी दौरान उसने कमरे में रखी अलमारी से सोने के गहने चोरी कर लिए। परिवार 22 नवंबर की रात शादी से वापस लौटा। अगले दिन अलमारी की जांच की गई तो उसमें रखे सोने के गहने गायब मिले।

बार-बार घर पहुंचना बना शक की वजह

परिवार ने घर आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटाई तो शक आसिफ पर गया। पीड़ित ने पुलिस से गहने बरामद कराने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भोटिया पड़ाव चौकी पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच के साथ आरोपी से पूछताछ और चोरी गए गहनों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

Popular Articles