Top 5 This Week

Related Posts

खेत के रास्ते के विवाद में युवक पर हमला, चार आरोपी गिरफ्तार

लोहे की रॉड से सिर पर किया वार, घायल के आए नौ टांके; गैर-जमानती वारंट के बाद चोरगलिया पुलिस ने दबोचा

हल्द्वानी। चोरगलिया थाना क्षेत्र के ग्राम गजेपुर में खेत के रास्ते और गूल को लेकर हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान चार लोगों ने राकेश पलड़िया के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि राकेश बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े और सिर में टांके लगाने पड़े। मामले में चोरगलिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्राम गजेपुर निवासी राकेश पलड़िया ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि खेत में रास्ते और गूल को लेकर विवाद के दौरान आरोपियों ने उनके सिर पर लोहे की रॉड से वार किया। तहरीर के आधार पर थाना चोरगलिया में मुकदमा दर्ज किया गया।

गिरफ्तारी से बचते रहे आरोपी, वारंट के बाद दबोचे थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचते रहे।

इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराया। उपनिरीक्षक नीशू गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम गजेपुर, पोस्ट कुँवरपुर स्थित आरोपियों के घरों पर दबिश देकर चारों को गिरफ्तार कर लिया।

तीन हथियार बरामद

पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को गिरफ्तार आरोपी भैरव दत्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप, बेंत का डंडा और कपड़े धोने की थपकी बरामद की गई। पुलिस ने बरामद सामान को विवेचना में शामिल कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में जयदत्त शास्त्री, भैरव दत्त, योगेश उर्फ युगल और नवीन, सभी ग्राम गजेपुर, कुँवरपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक नीशू गौतम, हेड कांस्टेबल जगदीश सिंह, कांस्टेबल भारत भूषण, संदीप सिंह, महिला कांस्टेबल मीरा सिंह और राजकुमारी शामिल रहीं।

Popular Articles