कोटद्वार, 1 सितंबर। उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा पर मंगलवार को कोलहू नदी में दर्दनाक हादसा हो गया। नदी पार करते समय एक दंपती अपनी गोद में बच्ची के साथ तेज बहाव की चपेट में आ गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि तीनों नदी में बह गए। स्थानीय लोगों की मदद से पति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन पत्नी और बच्ची तेज धारा में बह गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और मां-बेटी की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू किया। कई घंटे तक चले अभियान के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए।
जानकारी के अनुसार, परिवार कोटद्वार के भाबर क्षेत्र का रहने वाला था। परिवार के सदस्य उत्तर प्रदेश के बगनाला गांव से बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें कोलहू नदी पार करनी पड़ी। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव का प्रयास किया। लोगों की मदद से पति को नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन मां और बच्ची को नहीं बचाया जा सका। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य पूरा किया। हादसे ने एक बार फिर बरसात के दौरान पहाड़ी और सीमावर्ती क्षेत्रों में उफनती नदियों को पार करने के जोखिम को उजागर कर दिया है।





