वायनाड, 2 सितंबर। केरल के वायनाड जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार की ड्राइविंग सीट के नीचे बने गुप्त खाने से 1 करोड़ 44 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। यह रकम कर्नाटक से केरल लाई जा रही थी। मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई केरल-कर्नाटक सीमा पर स्थित थोलपेट्टी चेकपोस्ट के पास की गई। तिरुनेल्ली पुलिस और जिला एंटी-नारकोटिक्स स्पेशल एक्शन फोर्स (DANSAF) की संयुक्त टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कर्नाटक की ओर से आ रही एक कार को रोका गया।
कार में सवार लोगों के व्यवहार पर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद वाहन की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ड्राइविंग सीट के नीचे विशेष रूप से बनाए गए एक गुप्त कंपार्टमेंट का पता चला। इसे खोलने पर उसमें बड़ी संख्या में नकदी छिपाकर रखी गई थी। गिनती करने पर कुल रकम ₹1,44,50,000 निकली।
पुलिस ने वाहन में सवार तीन लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की पहचान प्रभुराज (20), स्वप्निल (23) और महाराष्ट्र निवासी राहुल (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि इतनी बड़ी रकम को बिना वैध दस्तावेजों के गुप्त तरीके से ले जाया जा रहा था। कुछ स्थानीय रिपोर्टों में इसे संदिग्ध हवाला रकम बताया गया है। हालांकि, पुलिस अभी रकम के वास्तविक स्रोत और इसके अंतिम गंतव्य की जांच कर रही है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि रकम किसके लिए ले जाई जा रही थी और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है।





