Top 5 This Week

Related Posts

एमबी मैदान में 250 स्टालों के साथ सजेगा राष्ट्रीय सरस मेला, “आज” से जुटेगा देशभर का हुनर

महिला उद्यमियों, कारीगरों और ग्रामीण उत्पादों को मिलेगा राष्ट्रीय बाजार; तैयारियों का सीडीओ ने लिया जायजा, सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

हल्द्वानी। शहर के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आज मंगलवार से देशभर के हुनर, हस्तशिल्प और ग्रामीण उत्पादों का संगम सजने जा रहा है। आज से 3 दिसंबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सरस मेले में करीब 250 स्टालों पर विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूह, महिला उद्यमी, कारीगर और स्थानीय उत्पादक अपने उत्पादों के साथ दस्तक देंगे। मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने मैदान पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को अंतिम तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय सरस मेला ग्रामीण उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प और महिला स्वयं सहायता समूहों के हुनर को बाजार तक पहुंचाने का बड़ा मंच बनेगा। देश के अलग-अलग राज्यों के उत्पादों के साथ स्थानीय उद्यमों को भी यहां अपनी पहचान और बिक्री बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला कमांडेंट होमगार्ड को 20 जवान तैनात करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्टालों की व्यवस्थित स्थापना, पेयजल, शौचालय, बिजली, पार्किंग, साफ-सफाई और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था का भी जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मेले में देशभर से आने वाले समूहों और उद्यमियों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। आगंतुकों की भीड़ को देखते हुए आवागमन सुचारू रखने, पर्याप्त पार्किंग और सुरक्षा के इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं।

सीडीओ अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि राष्ट्रीय सरस मेला ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री के लिए बेहतर मंच प्रदान करता है। मेले को आकर्षक, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, जिससे अधिक से अधिक लोग मेले तक पहुंच सकें।

निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फत्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि शंकर लोसाली, जिला कृषि अधिकारी संतोषी, जिला खाद्य अधिकारी मनोज कुमार बर्मन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Popular Articles