Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड के सबसे लंबे कार्यकाल वाले राज्यपाल बने गुरमीत सिंह, सुदर्शन अग्रवाल का रिकॉर्ड टूटा

देहरादून। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने राज्य के इतिहास में सबसे लंबे समय तक राज्यपाल पद पर रहने का नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। सोमवार को उन्होंने पूर्व राज्यपाल सुदर्शन अग्रवाल के 1,755 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए 1,756 दिनों का कार्यकाल पूरा कर यह उपलब्धि हासिल की।

लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह ने 15 सितंबर 2021 को उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण किया था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ शिक्षा, युवा सशक्तीकरण, पूर्व सैनिकों के कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक अभियानों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।

पंजाब के अमृतसर जिले के जलाल उस्मान गांव में 1 फरवरी 1956 को जन्मे गुरमीत सिंह का लंबा और गौरवशाली सैन्य करियर रहा है। भारतीय सेना में लगभग चार दशक तक सेवाएं देने के बाद उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। राज्यपाल बनने के बाद भी उन्होंने सैनिक अनुशासन, जनसरोकार और संवेदनशील प्रशासन की कार्यशैली को प्राथमिकता दी।

राजभवन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण, नवाचार और नैतिक मूल्यों के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया। साथ ही, राज्य के विकास, उच्च शिक्षा, पर्यटन और सामाजिक समरसता से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय भूमिका निभाई।

गुरमीत सिंह की यह उपलब्धि उत्तराखंड के संवैधानिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज हो गई है।

Popular Articles