Top 5 This Week

Related Posts

ईरान में गैस रिफाइनरी कर्मचारियों की बस पलटी, 12 की मौत और 16 घायल

तेहरान। पश्चिमी ईरान में इराक सीमा के पास एक भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब गैस रिफाइनरी में काम करने वाले कर्मचारियों को लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

ईरानी सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए (IRNA) के मुताबिक, यह दुर्घटना शनिवार शाम इलाम प्रांत में दश्त अब्बास और मुर्मुरी के बीच सड़क पर हुई। बस में चालक समेत 28 लोग सवार थे। सभी कर्मचारी देहलोरान एनजीएल-3100 तेल एवं गैस परियोजना से जुड़े थे।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, हादसे में शुरुआत में नौ लोगों की मौत की सूचना मिली थी। बाद में अस्पताल में उपचार के दौरान तीन और घायलों ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई। दुर्घटना में घायल 16 लोगों को इलाज के लिए देजफुल, अब्दानान और इलाम के अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है।

राष्ट्रपति ने दिए जांच के निर्देश

हादसे की गंभीरता को देखते हुए ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने संबंधित अधिकारियों को घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

अब्दानान के अभियोजक अमरोल्लाह मिसाई के अनुसार, हादसे के पीछे संभावित लापरवाही और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की भी जांच की जा रही है। यदि किसी व्यक्ति या संबंधित संस्था की गलती सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे के बाद इलाम प्रांत में एक दिन और अब्दानान क्षेत्र में दो दिन के सार्वजनिक शोक की घोषणा की गई है। फिलहाल बस पलटने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Popular Articles