वाशिंगटन। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने उस अमेरिकी सैनिक को सैन्य पदक से सम्मानित किया है, जिसने उन्हें और उनकी टीम को युद्ध स्मारक पर शांति और अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी थी। सैनिक की इस कार्रवाई की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी। अब हेगसेथ ने खुद उसे सम्मानित कर उसके कर्तव्यनिष्ठ व्यवहार की सराहना की है।
स्मारक पर बातचीत और हंसी से नाराज हुआ था सैनिक
यह घटना 11 नवंबर को वेटरन्स डे के अवसर पर अर्लिंग्टन नेशनल सिमेट्री स्थित ‘टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर’ की है। यहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
कार्यक्रम के बाद रक्षा मंत्री हेगसेथ अपनी पत्नी जेनिफर और वरिष्ठ सहयोगियों के साथ स्मारक के सामने तस्वीरें खिंचवा रहे थे। इसी दौरान समूह के कुछ सदस्यों के बातचीत करने और हंसने की आवाज सुनाई दी। वहां ड्यूटी पर तैनात अमेरिकी सेना के स्पेशलिस्ट थॉमस इग्लेसियस ने उन्हें तुरंत टोकते हुए कहा, ”सभी आगंतुक हर समय शांति और सम्मान का माहौल बनाए रखें।”
पेंटागन में किया सम्मानित
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पेंटागन ने भी सैनिक के व्यवहार का समर्थन किया था। पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने कहा था कि सैनिक ने सभी को सही और सम्मानजनक तरीके से मर्यादा बनाए रखने की याद दिलाई।
गुरुवार को हेगसेथ ने थॉमस इग्लेसियस को पेंटागन में आमंत्रित किया और उन्हें ‘जॉइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल’ प्रदान किया। यह सम्मान 11 नवंबर को स्मारक पर अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए दिया गया।
सोशल मीडिया पर की तारीफ
हेगसेथ ने सम्मान समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, ”हम सैनिकों से प्यार करते हैं। हम अनुशासन और मानकों का सम्मान करते हैं। बहुत बढ़िया, स्पेशलिस्ट।”
गौरतलब है कि अज्ञात सैनिकों का यह स्मारक अमेरिका के सबसे सम्मानित युद्ध स्मारकों में शामिल है। वर्ष 1948 से यहां अमेरिकी सेना की ओल्ड गार्ड यूनिट के जवान चौबीसों घंटे पहरा देते हैं। स्मारक पर शांति और सम्मान बनाए रखना उनके प्रमुख कर्तव्यों में शामिल है।





