देहरादून: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भाजपा के चुनावी अभियान का आगाज कर दिया है। देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से लगातार तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। शाह ने 70 विधानसभा सीटों में से 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य भी रखा। इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि अटल जी ने उत्तराखंड बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे संवारा है।
चार धाम और देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान पर जोर
अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड चार धाम, हेमकुंड साहिब और हरिद्वार जैसे धार्मिक स्थलों की भूमि है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प देवभूमि को देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाने का है। उत्तराखंड विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में राज्य की जीएसडीपी में 50 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
यूसीसी और नकल विरोधी कानून को बताया उपलब्धि
गृह मंत्री ने समान नागरिक संहिता (UCC), सख्त नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून को राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार दिया गया है। सरकार ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करने और पलायन रोकने के लिए भी काम किया है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
अमित शाह ने कांग्रेस की वोट बचाओ यात्रा पर निशाना साधते हुए उसे घुसपैठिया बचाओ यात्रा करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करती है और प्रदेश के विकास के लिए उसके पास कोई ठोस योजना नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने कई राज्यों में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है और अब उत्तराखंड में भी पार्टी हैट्रिक लगाएगी। शाह ने कार्यकर्ताओं से घर–घर जाकर लोगों तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने की अपील की।
1474 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
राज्योत्सव कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने करीब 1474 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





