Top 5 This Week

Related Posts

अमेरिका में पकड़ा गया लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी हैरी बॉक्सर, रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की ली थी जिम्मेदारी

नई दिल्ली: हरियाणा के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर और लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी हैरी बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में लिया गया है। उसे कैलिफोर्निया से पकड़ा गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ से मिली जानकारी के आधार पर अमेरिकी अधिकारियों ने यह कार्रवाई की। हैरी बॉक्सर विदेश में बैठकर कथित तौर पर बिश्नोई गैंग की आपराधिक गतिविधियों और रंगदारी नेटवर्क को संचालित कर रहा था।

रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की ली थी जिम्मेदारी

हैरी बॉक्सर उस समय चर्चा में आया था, जब उसने फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास के बाहर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी। फरवरी 2026 में हुई इस घटना के बाद सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो मैसेज के जरिए बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकियां भी दी गई थीं।

पुलिस इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की कथित भूमिका की जांच कर रही है। बॉक्सर का नाम इस घटना के अलावा कई अन्य आपराधिक मामलों में भी सामने आया है।

हत्या और रंगदारी समेत कई मामले दर्ज

हैरी बॉक्सर पर हत्या, हत्या के प्रयास, फायरिंग, आपराधिक धमकी और जबरन वसूली जैसे गंभीर आरोप हैं। उसके खिलाफ दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में कई मामले दर्ज बताए गए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह विदेश में रहकर गैंग की रंगदारी और धमकी से जुड़ी गतिविधियों में अहम भूमिका निभा रहा था।

जयपुर में सीखी थी बॉक्सिंग

हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद जाट बताया जाता है। वह मूल रूप से राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले का रहने वाला है। अपराध की दुनिया में आने से पहले उसकी खेलों में रुचि थी। उसने जयपुर में बॉक्सिंग सीखी और बॉक्सिंग कोच के रूप में भी काम किया था। इसी वजह से उसे हैरी बॉक्सर के नाम से जाना जाने लगा।

भारत लाने की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना

अमेरिका में हिरासत में लिए जाने के बाद अब भारतीय एजेंसियां उसे भारत लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ा सकती हैं। इस मामले में सीबीआई अमेरिकी अधिकारियों के साथ समन्वय की जिम्मेदारी संभाल सकती है। हालांकि, प्रत्यर्पण की प्रक्रिया और आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

हैरी बॉक्सर की गिरफ्तारी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के विदेश में सक्रिय नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

Popular Articles