रुद्रपुर। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने के बाद तेलंगाना के एक आईपीएस अधिकारी ने आधी रात एसएसपी अजय गणपति को सूचना दी कि चोरी में शामिल नेपाली मूल के आरोपी उत्तराखंड के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में हैं।
सूचना मिलने पर एसएसपी ने देर रात स्वयं एसओजी टीम के साथ मोर्चा संभाला और रुद्रपुर-बिलासपुर बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कराया। ऑपरेशन की निगरानी एसएसपी स्वयं कर रहे थे।
एसएसपी कार्यालय के मुताबिक, चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बस को रोका गया, जिसमें नेपाल भागने की तैयारी कर रहे नेपाली मूल के तीन आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद कोतवाली बिलासपुर क्षेत्र में आरोपियों को दबोच लिया गया।
आरोपियों के कब्जे से हैदराबाद से चोरी किए गए करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण भी बरामद हुए। बस उत्तर प्रदेश सीमा में रुकने के कारण बरामदगी एवं अग्रिम वैधानिक कार्रवाई बिलासपुर पुलिस द्वारा की गई।
एसएसपी द्वारा की गई यह कार्रवाई उनके अंतर्राज्यीय समन्वय एवं त्वरित पुलिसिंग का उदाहरण है, जिसमें रुद्रपुर पुलिस और रामपुर पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से सफलता मिली।





