Top 5 This Week

Related Posts

हूती विद्रोहियों की धमकी के बाद एअर इंडिया का बड़ा फैसला, 24 अक्टूबर तक सऊदी अरब की उड़ानें रद

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और हूती विद्रोहियों के हमलों की आशंका को देखते हुए एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानों का निलंबन 24 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दिया है। इस फैसले से रियाद, जेद्दा और दम्माम के लिए संचालित होने वाली उड़ानें प्रभावित होंगी। एयरलाइंस ने यह कदम यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया है।

एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों के लिए यात्रा संबंधी रियायतों की घोषणा भी की है। जिन यात्रियों के टिकट 15 अक्टूबर 2026 या उससे पहले जारी किए गए थे और जिनकी यात्रा 9 से 25 अक्टूबर के बीच निर्धारित थी, वे बिना अतिरिक्त शुल्क के एक बार यात्रा की तारीख बदल सकते हैं। यह सुविधा 10 नवंबर 2026 तक की यात्रा के लिए उपलब्ध रहेगी।

वैकल्पिक शहरों से यात्रा का विकल्प

यात्रियों को खाड़ी क्षेत्र के अन्य हवाई अड्डों से यात्रा के लिए टिकट दोबारा बुक कराने का विकल्प भी दिया गया है। एअर इंडिया के यात्री दुबई या दोहा से यात्रा का विकल्प चुन सकते हैं। वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस के यात्रियों को अबू धाबी, अल ऐन, बहरीन, दोहा, दुबई, कुवैत, मस्कट, रास अल खैमाह, सलालाह और शारजाह जैसे शहरों से री-बुकिंग की सुविधा दी गई है।

हालांकि, वैकल्पिक शहर तक पहुंचने और वहां लागू वीजा नियमों का पालन करने की जिम्मेदारी यात्रियों की होगी। यात्रा रद करने वाले पात्र यात्रियों को पूरा रिफंड लेने का विकल्प भी दिया गया है।

रियाद एयरपोर्ट पर हमले के बाद बढ़ा तनाव

सऊदी अरब में हालिया हमलों के बाद सुरक्षा स्थिति गंभीर बनी हुई है। खबर के अनुसार, 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं और बढ़ गईं।

यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के सूचना मंत्री ने हूती विद्रोहियों पर अदन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास मिसाइल हमले करने का आरोप भी लगाया है। हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र और हवाई अड्डों को लेकर चेतावनियां जारी किए जाने के बीच विमानन कंपनियां स्थिति पर नजर रख रही हैं।

एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि करें।

Popular Articles