तीन मंजिला लकड़ी और बांस से बनी इमारत जलकर खाक, हादसे के कारणों की जांच शुरू
ढाका। बांग्लादेश के प्रमुख पर्यटन स्थल कॉक्स बाजार के इनानी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक रिसॉर्ट में भीषण आग लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। हादसा पटुआरटेक बीच के पास मरीन ड्राइव स्थित टुपटुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट में हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी इमारत उसकी चपेट में आ गई।
स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग सुबह करीब 6:30 बजे लगी। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी, पुलिस और स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुट गए। आग पर काबू पाने के प्रयासों के दौरान रिसॉर्ट से शव बरामद किए गए। अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़कर 10 होने की पुष्टि की है।
बांस और लकड़ी से बना था रिसॉर्ट
यह तीन मंजिला रिसॉर्ट मुख्य रूप से बांस और लकड़ी से बना था। ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई और इमारत का पूरा ढांचा जलकर खाक हो गया। हादसे के समय रिसॉर्ट में करीब 30 लोगों के मौजूद होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से कुछ लोग ही सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
घायलों को कॉक्स बाजार सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। अधिकारियों के अनुसार, कुछ लोगों को आग से झुलसने के कारण चोटें आईं, जबकि एक व्यक्ति को गिरने से चोट लगी।
मृतकों की पहचान के लिए डीएनए जांच
कॉक्स बाजार के जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि कुछ शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिससे उनकी पहचान करने में परेशानी हो रही है। मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए नमूने लेने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके बाद ही शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं
फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण सामने नहीं आया है। शुरुआती आशंका है कि आग रिसॉर्ट की रसोई से शुरू हुई होगी, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जांच के लिए समिति गठित किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
इस हादसे ने पर्यटन स्थलों पर स्थित होटल और रिसॉर्ट में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग किन परिस्थितियों में लगी और सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।




