डायल 112 की सूचना पर पंतनगर पुलिस पहुंची थी मौके पर,घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया
रुद्रपुर/पंतनगर। हल्द्वानी रोड स्थित संजय वन के पास जानवर अचानक सड़क पर आ जाने से दो कारों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस दौरान दोनों कारों में सवार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य घायलों को अन्यत्र स्थान को रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक देर रात पंतनगर पुलिस को डायल 112 से सूचना मिली कि हल्द्वानी रोड संजय वन के पास दो कारों की भिड़ंत हो गई है। सूचना पर पंतनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि अचानक सड़क पर एक जानवर आ गया था। इसके बाद यूपी नंबर की कार पहले जानवर से टकराई और फिर सामने से आ रही उत्तराखंड नंबर की कार से भिड़ गई।
पुलिस के मुताबिक घायलों में दिनेशपुर निवासी विनोद मिगलानी को अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है।
थानाध्यक्ष नंदन सिंह का कहना है कि अन्य घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मृतक के परिजन भी पहुंच गए। जांच में पता चला कि एक कार में सवार लोग कैंची धाम से लौट रहे थे।
उधर मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।





